दुनिया में सबसे कठिन कामों में से एक है, किसी को अपनी बातों से हंसाना। राजू श्रीवास्तव ने यही किया। जमकर हंसाया और लोगों का प्यार भी पाया। मगर पिछले 42 दिन से दिल्ली के AIIMS में भर्ती राजू श्रीवास्तव ने आज अंतिम सांस ली। उनके फैंस के साथ साथ फिल्म जगत के चेहरे पर एकाएक उदासी सी छा गयी। लोग कई दिनों से उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। राजू श्रीवास्तव कॉमेडी को अश्लीलता और फूहड़ता से दूर, साफ़ सुथरी दुनिया में ले गए। जहां उनकी बातों में गाँव समाज के लोग और बहुत ही छोटे छोटे समाज की बाते होती थीं। लोग हँसते जरूर थे मगर उनकी कॉमेडी में किसी का उपहास नहीं होता था।समाज की खामियों और व्यवस्था पर चोट करते उनके चुटकुले, इंसान को सोचने पर विवश कर देते थे।
एक महीने पहले वो जिम में दिल का दौरा पड़ने से अस्वस्थ हुए और उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। बीच बीच में राजू की हेल्थ अपडेट मिलती रहती थी। डॉक्टर्स का कहना था कि वो पूरी कोशिश कर रहे हैं राजू के स्वास्थ्य में सुधार लाने की, मगर बार बार वो विफल हो जा रहे थे।
राजू श्रीवास्तव का जन्म कानपुर में हुआ था। कानपुर और अवध की बोली और उस परिपाटी की झलक उनकी कॉमेडी में हमेशा झलकती रही। कभी वो गजोधर की बात करते तो कभी गुटुरा भौजी की। सम सामयिक विषयों पर भी वो खुलकर चुटकुले अंदाज़ में कॉमेडी करते। मगर
राजू ने इतने लम्बे संघर्ष के बाद अपनी ऑंखें हमेशा के लिए बंद कर ली और पीछे छोड़ गये अपना परिवार व अपने फैंस। लेकिन राजू कहीं गए नहीं हैं वो हमेशा लोगों के बीच गजोधर भैया बनकर हँसते हँसते नज़र आएंगे।
फ़िल्मी जगत के बड़े बड़े सितारों ने राजू के देहावसान पर दुःख व्यक्त किया है। अनुपम खेर ने लाइव आकर भावपूर्ण तरीके से राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि दी हैं। अमिताभ बच्चन की मिमिक्री करके एक समय में राजू श्रीवास्तव को पचास रूपये मिला करते थे. कई सारे अवार्ड शो में उन्होंने फिल्मी सितारों को जमकर हंसाया है।
राजू श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी रहे। 2014 में उन्हें समाजवादी पार्टी से लोकसभा का टिकट भी मिला मगर उन्होंने भरपूर पार्टी समर्थन न मिलने से टिकट वापस कर दिया। उसी के बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें स्वच्छ भारत अभियान का ब्रांड अम्बेसेडर भी बनाया। देश दुनिया के हर कोने में उनके चाहने वाले हैं. आज उनके न रहने पर लोग तरह तरह से उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।