‘कलाकार पानी की तरह होता है, वह कोई भी रूप ले लेता है। मैं और मेरा भाई बहुत मेहनत करते हैं तब जाकर अच्छे वीडिओज़ आपके सामने आते हैं। मां की तबियत सही नही रहती, मगर वह बहुत सपोर्ट करती है। आप भी मुझे सपोर्ट करिये। मुझे किसी जाति से न जोड़िए, कोई बात अगर आपको अच्छी नही लगती तो उसके लिए मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं।’
ये शब्द हैं उस कलाकार के हैं, जिसने आजकल फेसबुक से लेकर इंस्टाग्राम की दुनिया मे अपने नृत्य से धूम मचा रखा है। लाखों दर्शक रोज इस कलाकार की वीडियो न सिर्फ देखते हैं बल्कि उसकी तारीफ करते हैं।
बनारस के रहने वाले इरफान राज को लोग रील किंग मानने लगे हैं। इरफान के रील की खासियत ये है कि वो किसी स्टूडियो या अकेले में नही, बल्कि आम पब्लिक के बीच जाकर अपनी कला को प्रदर्शित करते हैं। किसी भी कलाकार के लिए इस कार्य को करने के लिए बहुत ही हिम्मत और खुलापन चाहिए। यह वही कर सकता है जो कला को अपना सर्वस्व मानता हो।
कहने वाले बहुत कुछ कहते हैं,मगर करने वाले करते जाते हैं और सफल होते जाते है। इरफ़ान राज के साथ भी ऐसा ही है। संघर्षो की ज़िंदगी जी रहे इस युवा कलाकार के चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती है। उसकी मुस्कान और अल्हड़ हंसी से न जाने कितनों को खुशी मिलती है।
एक रील वीडियो बनाते हुए इरफान ने अपने घर की स्थिति को दिखाया। घर के एक कोने में खाना बन रहा है। एक कोने में मां लेटी है। छोटा भाई खाना बना रहा है। माँ का स्वास्थ्य ठीक नही रहता। इरफान के लाखों फॉलोवर हो चुके हैं और दिन रात बढ़ भी रहे हैं।
किसी भी कलाकार को जाति,धर्म या समुदाय के दायरे में देखना एक विकृत औए बिगड़ी मानसिकता को दिखाता है। इरफान की कला और उसका प्रदर्शन ऐसा है कि वो हर दायरे को तोड़ता है। इरफान ने भावुक होते हुए अपने वीडियो में कहा कि उनको किसी भी जाति से बांध कर न देखा जाए।
कला प्रधान इन देश मे कला के विविध रंग है। कला को बस कला जैसे देखा जाना चाहिए। कला किसी विशेष खांचे में नही बंधी, वह स्त्री,पुरुष, लिंग सबसे परे है। कला तो भावप्रधान है और कला के कद्रदानों को चाहिए कि वह उसके भाव को देखें, व्यक्ति को इस बात से न तौले कि वह लड़की की तरह नृत्य कर रहा। इरफान ने एक बड़े मिथक को भी खत्म किया है कि नृत्य करना, कमर लचकाना, नज़ाकत यह सिर्फ लड़किया ही नही अब लड़के भी बेहतर ढंग से निभा सकते हैं।
इरफान के नृत्य ने कई नए कलाकारों को हिम्मत दिया है। ऐसे संघर्ष कर रहे कलाकारों का जीवन ही औरों के लिए प्रेरणा बनता है।
रिपोर्ट- विवेक रंजन सिंह